फतेहपुर सीकरी/आगरा। विकासखंड फतेहपुर सीकरी के ग्राम इमलाब्दा में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने सुंदर लाल व लाखन सिंह पुत्र मानसिंह के आवासों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दोनों मकान आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह जलकर राख हो गए। गृहस्थी का सारा सामान खाक हो जाने से पीड़ित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मौके पर पहुंचे चौधरी बाबूलाल, दिया मदद का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही चौधरी बाबूलाल तत्काल गांव इमलाब्दा पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार सुंदर लाल व लाखन सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हुए नुकसान का बारीकी से निरीक्षण किया। पीड़ितों का दर्द बांटते हुए चौधरी बाबूलाल ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं।
राजस्व विभाग को त्वरित सहायता के निर्देश
मौके से ही चौधरी बाबूलाल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार त्वरित सहायता राशि तुरंत उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आगे की मदद में देरी न हो।
पक्के आवास के लिए CM को पत्र, 5 लाख की मांग
चौधरी बाबूलाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दोनों पीड़ित परिवारों के लिए पक्के आवास निर्माण हेतु 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि आवंटित करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि दोनों परिवार गरीब हैं और आगजनी में उनका सब कुछ नष्ट हो गया है। ऐसे में मानवीय आधार पर त्वरित मदद दिया जाना जरूरी है।
चौधरी बाबूलाल ने प्रशासनिक अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पीड़ित परिवारों को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता पर दिलाया जाए और उनकी हरसंभव मदद की जाए।























