जिला नजर संजय भारद्वाज
दादों/अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करने आई बहन की जान चली गई।
थाना दादों क्षेत्र के ग्राम समैना ततारपुर में मंगलवार शाम दो भाइयों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि वह खूनी संघर्ष में बदल गया। झगड़ा बढ़ता देख उनकी 17 वर्षीय इकलौती बहन पूनम बीच-बचाव के लिए पहुंची।
इसी दौरान एक भाई द्वारा चलाया गया डंडा पूनम के सिर में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। क्षेत्राधिकारी छर्रा ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
इकलौती बहन की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।





















