अलीगढ़। स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। विकास भवन में हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीडीओ ने साफ कहा: “रोगियों को बेहतर इलाज देना विभाग की पहली जिम्मेदारी है। इसमें ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।”
बैठक के बड़े फैसले:
- टीकाकरण पर फोकस: बिजौली और टप्पल में टीकाकरण की धीमी रफ्तार पर सीडीओ नाराज हुए। बोले- “जहां परिवार टीका लगवाने से मना कर रहे हैं, वहां मैं खुद जाकर लोगों को समझाऊंगा।”
- आयुष्मान योजना में सुस्ती: 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने में देरी पर फटकार लगाई। कम प्रगति वाले हर ब्लॉक के 10 गांवों की लिस्ट तलब की।
- अंधता निवारण पर चिंता: राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और तेजी लाने के निर्देश दिए।
- जवां CHC की तारीफ: जवां के एमओआईसी के काम की सराहना करते हुए बाकी अफसरों को उनसे सीख लेने को कहा।
सीडीओ ने सभी सीएचओ को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक लैपटॉप पर नियमित काम करने के निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन सर्वे में तेजी लाने को कहा गया।
संचारी रोग अभियान: जुलाई में चलने वाले अभियान को पिछली कमियों से सबक लेकर और असरदार बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने ओपीडी, आईपीडी, ऑपरेशन, परिवार नियोजन और टीकाकरण की रिपोर्ट पेश की।
नजरिया सच का!
रिपोर्ट: संजय भारद्वाज, दैनिक जिला नजर























