दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना क्षेत्र के ग्राम चर्रपुरा निवासी एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। घटना के बाद से परिजनों में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चर्रपुरा निवासी महावीर (25) पुत्र बहादुर सिंह 21 अप्रैल की रात्रि करीब 8 बजे घर के पास खेत में शौच के लिए जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन उसके बाद से वह वापस घर नहीं लौटा।
काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।परिजनों ने बताया कि उन्होंने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन महावीर का कहीं कोई पता नहीं चला।
उसका मोबाइल नंबर भी घटना के बाद से लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।लापता युवक का कद लगभग 5 फीट 5 इंच, रंग गोरा है। वह घर से निकलते समय काले रंग की पैंट, नीले रंग की हाफ टी-शर्ट और लाल रंग की चप्पल पहने हुए था।
महावीर के लापता होने से परिवार में गहरा संकट छा गया है। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका पालन-पोषण उसी पर निर्भर है।परिजनों ने थाना फतेहाबाद में गुमशुदगी की सूचना देकर पुलिस से युवक की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।























