दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव निबोहरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी बुधवार सुबह होते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय सपना पत्नी सुरेंद्र की शादी करीब चार-पांच माह पूर्व हुई थी। मंगलवार रात किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलकर देखा तो वह फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर थाना निबोहरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।वहीं, मृतका के पिता बिक्रम सिंह निवासी नदौरा, राजाखेड़ा धौलपुर, राजस्थान ने थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है और कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।























