दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। देशभर में होने वाली जनगणना के लिए जगह-जगह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं इसी क्रम में फतेहाबाद के जनता इंटर कॉलेज में 16 अप्रैल से 29 अप्रैल तक प्रगणको एवं सुपरवाइजर का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है इसी क्रम में शुक्रवार को एसडीएम फतेहाबाद स्वाति शर्मा ने निरीक्षण किया।
शुक्रवार को दूसरे दिन जनता इंटर कॉलेज में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें चार्ज अधिकारियों व संबंधित कर्मचारियों को जनगणना की बारीकियों, कार्यप्रणाली और डिजिटल माध्यम से डाटा संग्रहण की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि तहसील स्तर पर आठ बैचों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एक बार में 42 लोगो को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह कार्य 29 अप्रैल तक चलेगा।
मास्टर ट्रेनर संजय शर्मा के नेतृत्व में 16 फील्ड ट्रेनर कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।अधिकारियों ने बताया कि यह भारत की 16वीं जनगणना होगी, जिसे पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराया जाएगा।
पहली बार नागरिकों को स्वयं गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी जो 7 मई से 21 मई तक चलेगी। स्वयं गणना को सुपरवाइजर निरीक्षण करेंगे । सभी संबंधित कर्मचारी डिजिटल ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से डाटा संकलन करेंगे। शनिवार को बाग कॉलोनी में जनगणना का डेमो किया जाएगा।
प्रथम चरण के अंतर्गत 1 अप्रैल से सितंबर 2026 तक मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान घरों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं आधारभूत व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी प्रश्नावली के माध्यम से एकत्रित की जाएगी।
वहीं द्वितीय चरण में जनसंख्या एवं जाति गणना का कार्य 27 फरवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा, जबकि 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक डिजिटल राउंड आयोजित होगा।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए, क्योंकि इससे प्राप्त आंकड़े देश की नीतियों, योजनाओं और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर एसडीएम स्वाति शर्मा, नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार और ईओ डीएस वर्मा मौजूद रहे।























