दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास ग्राम पीतावाली पोखर में शुक्रवार सुबह एक संदिग्ध महिला को लेकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने महिला को संदिग्ध मानते हुए उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बच्ची को चॉकलेट देकर ले जाने का आरोपग्रामीणों के अनुसार करीब 2 वर्ष की बच्ची छाया अपने नाना-नानी के पास रह रही थी।
नाना: नरेंद्र नानी: पिंकी देवी परिजनों ने बताया कि बच्ची के माता-पिता काम के सिलसिले में आगरा में रहते हैं, इसलिए वह नाना-नानी के साथ रह रही थी। शुक्रवार सुबह लगभग 5 बजे छाया अपनी बहन के साथ शौच के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान स्टेशन की ओर से आई एक महिला ने कथित रूप से बच्ची को चॉकलेट देकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ तो उन्होंने महिला को रोक लिया।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर धर्मेंद्र कुशवाह, सूरज कुशवाह, ताराचंद, महेश कुशवाह, मिथलेश देवी, कस्तूरी और विनीता सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस हिरासत में महिला, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाना फतेहाबाद ले गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और खबर लिखे जाने तक जांच जारी है।
पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।























