अलीगढ़ के इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव कैमावली स्थित एक मंदिर में सेवा कर रहे संत द्वारा शिव परिवार की मूर्तियां तोड़ने का मामला सामने आया है। घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र निवासी संत विश्वेश्वरानंद बीते 22 फरवरी से मंदिर में सेवा कर रहा था। आरोप है कि उसने मंदिर में स्थापित शिव परिवार की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। जब ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर कहा कि उसे केवल भगवान शिव पसंद हैं, परिवार नहीं, इसलिए उसने मूर्तियां तोड़ी हैं। उसने यह भी कहा कि शिव के साथ परिवार सही नहीं लगता।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी संत को हिरासत में ले लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल मूर्ति तोड़ने की घटना नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक आस्था पर हमला है।पुलिस ने आरोपी संत विश्वेश्वरानंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















