जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। शुक्रवार को कड़ी धूप के बीच नगर आयुक्त आईएएस प्रेम प्रकाश मीणा ने सीएम ग्रिड योजना के तहत पैकेज-2 में निर्माणाधीन खैर रोड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नादा पुल से खैर रोड सवारियां लॉज तक पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

करीब 29.58 करोड़ रुपये की लागत से वार्ड संख्या 11, 15 एवं 34 में हीरा लाल की पुलिया से नादा पुल चौराहा तक लगभग 2.56 किलोमीटर लंबी आधुनिक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परियोजना का लगभग 75 से 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कैरिज-वे का निर्माण तेजी से जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क के मध्य आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 130 फाउंडेशन में से करीब 100 तैयार हो चुके हैं। इस पर नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि शेष कार्य पूरा होते ही 7 से 8 दिनों के भीतर स्ट्रीट लाइट पोल स्थापित कर दिए जाएं।
नगर आयुक्त ने रोड बाइंडिंग कार्य को अतिरिक्त मजदूर लगाकर एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइटिंग और पोल फाउंडेशन का कार्य तुरंत शुरू करने को कहा।
डिवाइडर निर्माण की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने इसे भी एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, सड़क चौड़ीकरण के लिए विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। करीब 400 पोल में से 220 को अब तक शिफ्ट किया जा चुका है। शेष पोल जल्द हटाने और नाला निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शहरवासियों को आधुनिक और बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शेष कार्य, जिसमें पोल शिफ्टिंग और स्ट्रीट लाइट फिटिंग शामिल है, अगले 7 से 8 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है।
आगामी 15 जून तक लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर सड़क का लाभ मिलने लगेगा। स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के तहत कार्यों में तेजी जारी





















