गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। घर में काम करने वाली महिला ने अपने ही परिवार की मां, बहन और भाभी के साथ मिलकर विजयनगर कालोनी स्थित अनुपम रॉयल अपार्टमेंट से करीब 80 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में पॉक्सो, धमकी और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं।
थाना हरिपर्वत पुलिस ने वारदात के महज चौबीस घंटे में इसका खुलासा कर दिया। चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और सोने के सिक्के बरामद कर लिए गए।
एसीपी हरिपर्वत ने मीडिया को यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, विजयनगर कालोनी स्थित अनुपम रॉयल अपार्टमेंट निवासी अनिल कुमार कौशिक के घर हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। थाना हरिपर्वत पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को घर में काम करने वाली महिला पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे चोरी कांड का खुलासा हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि घर में काम करने वाली महिला ने अपने ही परिवार की मां, बहन और भाभी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने घर की गतिविधियों और कीमती सामान की पूरी जानकारी होने का फायदा उठाकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चाँदनी, पूजा, संजना और इमला को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और 17 सोने के सिक्के बरामद कर लिए गए। सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।





















