दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी पुलिस एवं सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त कार्रवाई में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20.04 लाख रुपये मूल्य की इम्पीरियल ब्लू प्रीमियम ग्रेन व्हिस्की की 348 पेटियां (कुल 7,728 बोतलें), एक डीसीएम वाहन, 1,700 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के नेतृत्व में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना डौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से एक डीसीएम वाहन को रोककर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मलाराम पुत्र साजनराम, निवासी ग्राम उडासर, थाना धोरीमन्ना, जनपद बालोतरा (राजस्थान) के रूप में हुई है।
बरामद शराब में 150 पेटियां (750 एमएल), 149 पेटियां (375 एमएल) तथा 49 पेटियां (180 एमएल) की इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की कुल 7,728 अवैध अंग्रेजी शराब की बोतलें शामिल हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध थाना डौकी में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनीत शर्मा, सर्विलांस सेल पूर्वी जोन के प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन तोमर सहित थाना डौकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















