दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राशिद हसन चिश्ती ने कोतवाली फतेहपुर सीकरी में एक प्रार्थना पत्र देकर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित ब्रॉडकास्ट में धार्मिक हस्तियों के संबंध में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर आपत्ति जताई है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि पश्चिम बंगाल निवासी एक भाजपा नेत्री द्वारा सोशल मीडिया मंच पर प्रसारित सामग्री में इस्लाम धर्म से जुड़े पूज्य व्यक्तित्वों के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त सामग्री से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। प्रार्थी ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर संबंधित तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कोतवाली पुलिस में SSI विपिन कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस संबंध में यदि किसी प्रकार की जांच की जाती है तो प्रार्थी पूर्ण सहयोग देने को तैयार हैं।
SSI विपिन कुमार ने आश्वासन दिया है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।





















