दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने 1857 की मेरठ क्रांति के जनक एवं अमर शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर को भारत रत्न देने की मांग को लेकर एसडीएम स्वाति शर्मा को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में 10 मई को क्रांति दिवस के रूप में शासकीय अवकाश घोषित किए जाने की भी मांग की गई। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि 10 मई 1857 को कोतवाल धन सिंह गुर्जर ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंका था, जिसने देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।
उन्होंने देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता। ज्ञापन में मांग की गई कि कोतवाल धन सिंह गुर्जर को मरणोपरांत “भारत रत्न” से सम्मानित किया जाए।
साथ ही विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में उनके योगदान को शामिल करने तथा प्रदेश एवं देशभर में उनकी स्मृति में भव्य स्मारक और शोध संस्थान स्थापित किए जाएं।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह गुर्जर, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह गुर्जर, सुनील गुर्जर, जोगी गुर्जर, प्रदीप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





















