एटा। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए एटा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने थाना मारहरा और मिरहची क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, पुलिस पिकेट, संवेदनशील स्थलों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस लगातार गश्त करेगी तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। साथ ही यातायात को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।





















