अलीगढ़। भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य, बिजली, ग्राम विकास, पंचायतीराज, पशुपालन एवं राहत एजेंसियों को पूर्ण अलर्ट मोड में रहकर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। अस्पतालों में आवश्यक दवाएं, बेड, शुद्ध पेयजल, पंखे, कूलिंग व्यवस्था और चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता बनी रहे। वरिष्ठ अधिकारियों को अस्पतालों और पेयजल व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने पशुपालन विभाग को गौवंशों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और उन्हें लू से सुरक्षित रखने के प्रभावी इंतजाम करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि गांव हो या शहर, भीषण गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्य अभियंता को फीडरवार मॉनीटरिंग करते हुए जवाबदेही तय करने और विद्युत शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की वास्तविक स्थिति और समस्या के समाधान में लगने वाले समय की सही जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं को समय पर और सही बिजली बिल उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
डीएम ने आमजन से भी लू और भीषण गर्मी से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने सलाह दी कि अत्यधिक गर्मी में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पीते रहें l





















