दिलशाद समीर संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा जाट में बुधवार देर रात घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग की घटना हुई। गुरुवार सुबह हमलावरों को पकड़ने के दौरान हुए हादसे में आधा दर्जन ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पीड़ित संतोष पुत्र गंभीर सिंह ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि देर रात उसका भाई देवेंद्र घर के गेट पर था। इसी दौरान नगला सराय निवासी प्रशांत पुत्र विजयपाल अपने साथियों के साथ मुख्य गेट तोड़कर घर में घुस आया और सीने पर तमंचा तानकर गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि इसके बाद प्रशांत, अंकुर, ऋषि, राहुल, धर्मेंद्र, राजू व विजयपाल समेत 4-5 अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे, लोहे की सरिया और ईंटों से हमला कर दिया।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। ग्रामीणों ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया। पीड़ितों का दावा है कि उनके पास घटना का वीडियो भी मौजूद है। जिसे जांच के दौरान पुलिस को सौंपा जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद रात भर एक स्विफ्ट कार गांव में चक्कर लगाती रही। गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों ने कार को रोककर पूछताछ का प्रयास किया तो कार सवारों ने उन पर गाड़ी चढ़ा दी।
इस हादसे में करीब आधा दर्जन ग्रामीण घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश पुत्र नारायण सिंह को इलाज के लिए भरतपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। वही ग्रामीण दोनों को एक ही मामले से जोड़कर देख रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





















