दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 35 वे माइलस्टोन पर गुरुवार तड़के लखनऊ से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। दुर्घटना में 5 यात्री घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के 35 वे माइलस्टोन पर लखनऊ से नई दिल्ली जा रही एक बस गुरुवार सुबह करीब चार बजे चालक को झपकी आने के चलते अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ती हुई सड़क के किनारे गड्ढे में चली गई। बस में लगभग 60 यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अन्य वाहन की व्यवस्था कर रवाना किया गया।
हादसे में घायल होने वालों में रायबरेली के बछरावां निवासी अंकित यादव, एटा के पिलुआ निवासी हर्ष भारद्वाज, गोंडा निवासी आयुष मिश्रा तथा दिल्ली निवासी खालिद और सिद्धार्थ शामिल हैं।





















