जिला नजर संवाददाता – आकाश भारद्वाज
एटा: जिलाधिकारी एटा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के साथ मिलकर जनपद में चल रही गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से एटा मण्डी में स्थापित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए तौल प्रक्रिया, पंजीकरण, भुगतान व्यवस्था एवं किसानों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
उन्होंने सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसानों से गेहूं की खरीद निर्धारित मानकों के अनुसार हो तथा किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए, समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए और क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
वहीं एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि खरीद प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर
उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस औचक निरीक्षण से क्रय केंद्रों पर सक्रियता बढ़ी और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के संकेत मिले।























