जिला नजर संवाददाता
हाथरस। जनपद में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, बिजली, पानी, पेंशन और अन्य जनकल्याण से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने हर एक शिकायत को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उन्हें मौके पर ही निस्तारित किया जाए, जबकि अन्य जटिल मामलों में स्पष्ट समयसीमा तय कर कार्यवाही पूरी की जाए।
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आम लोगों को सीधे प्रशासन से जोड़ना है, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान हो सके।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फॉलोअप करने और शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।





















