दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि मार्च और अप्रैल माह का वेतन अब तक नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई कर्मचारियों को दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई तथा अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है।
ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने मांग की कि 20 मई तक लंबित वेतन का भुगतान कराया जाए। यदि तय समय सीमा तक वेतन नहीं मिला तो 21 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को भी भेज दी गई है।जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को मजबूती से रखा।
इस दौरान राहुल, डॉ. कपिल, डॉ. सुजाता, डॉ. अंबिका, विवेक त्रिपाठी, डॉ. शालिनी, ऋषि पाठक, दामोदर सिंह, विशाल सक्सेना, पंकज कुमार, पवन कुमार और गजेंद्र सिंह सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।





















