दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के बैनर तले शुक्रवार को विद्युत विभाग फतेहाबाद कार्यालय पर किसानों, उपभोक्ताओं एवं क्षेत्रीय लोगों ने स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों की समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।

लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अत्यधिक बिजली बिल आ रहे हैं तथा उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त शुल्क और मीटर किराया भी डाला जा रहा है। संगठन ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और ओवर बिलिंग की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।
किसान यूनियन ने यह भी मांग रखी कि जिन उपभोक्ताओं के यहां बिजली उपयोग कम है, उनके बढ़े हुए बिलों की जांच की जाए तथा बिलिंग प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता लागू की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रीपेड मीटर लागू करने का निर्णय स्वागत योग्य हो सकता है, लेकिन जब तक उपभोक्ताओं की मौजूदा समस्याओं का समाधान नहीं होगा तब तक जनता परेशान होती रहेगी।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन द्वारा बड़ा एवं अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी।इस संबंध में, फतेहाबाद के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कटियार ने बताया कि तीन-चार महिलाओं की समस्याओं का समाधान करा दिया गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रीपेड मीटर से संबंधित समस्या अब समाप्त हो गई है और अगले बिल पोस्टपेड आधार पर आएंगे। कटियार ने आश्वासन दिया कि अन्य लोगों की समस्याओं की जांच कर उनका भी समाधान कराया जाएगा





















