खेरागढ़/आगरा। डॉ भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती के अवसर पर खेरागढ़ क्षेत्र में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
पदयात्रा का शुभारंभ ऊंटगिर गांव से नगर पंचायत खेरागढ़ के चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू द्वारा किया गया। यह पदयात्रा ऊंटगिर से प्रारंभ होकर खेरागढ़ कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई नगला उदैया गांव में संपन्न हुई।
रास्ते भर प्रतिभागियों ने बाबा साहेब के जयकारे लगाए और सामाजिक समता, शिक्षा व अधिकारों के संदेश को आगे बढ़ाया। पदयात्रा के दौरान चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने अपने आवास पर पदयात्रियों का स्वागत भी किया।
इस अवसर पर चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने कहा कि “बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके विचार आज भी हमें शिक्षा, समानता और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज को मजबूत बनाना चाहिए।”
इस पदयात्रा का आयोजन अंबेडकरवादी समुदाय, खेरागढ़ द्वारा किया गया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्ट – गोविंद पाराशर























