दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 3:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे सर्विस रोड स्थित रूपपुर पुलिया के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान मनिक चंद्र पुत्र लाखन सिंह निवासी नगला मावई, फतेहाबाद के रूप में हुई है। बताया गया है कि मनिक चंद्र फतेहाबाद से अपने गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है ।





















