दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही यूपीडा कर्मी और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 7 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 25.600 पर गोरखपुर से दिल्ली जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार एक्सप्रेसवे के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में कार चालक मनीष श्रीवास्तव पुत्र संतोष श्रीवास्तव तथा उसका साथी राकेश पुत्र ज्याराम निवासी मुंडका, दिल्ली घायल हो गए। दोनों को हल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और यूपीडा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटाकर टोल प्लाजा पर खड़ा कराया गया।





















