जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन के दौरान मुकुंदपुर स्थित आईएएस-पीसीएस पूर्व परीक्षा कोचिंग संस्थान के छात्र बिजली समस्या लेकर डीएम अविनाश कुमार से मिले। लेकिन मुलाकात सिर्फ ज्ञापन तक सीमित नहीं रही। डीएम ने छात्रों का मौके पर ही टेस्ट ले लिया और सफलता के सूत्र भी बताए।
बिजली कट से परेशान थे छात्र
छात्रों ने डीएम को बताया कि कोचिंग संस्थान और छात्रावास में लगातार बिजली कटौती से पढ़ाई बाधित हो रही है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दिक्कत आ रही है।
डीएम ने तत्काल विद्युत अधिकारियों को फोन कर कोचिंग संस्थान में निर्बाध आपूर्ति के निर्देश दिए। कहा कि प्रतियोगी छात्रों को बेहतर माहौल देना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अचानक लिया जीके का टेस्ट
समस्या सुनने के बाद डीएम ने छात्रों से संवाद करते हुए सामान्य अध्ययन और करेंट अफेयर्स के सवाल पूछने शुरू कर दिए। अधिकांश छात्र संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
इस पर डीएम ने कहा, *”आईएएस-पीसीएस में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं। लक्ष्य बड़ा है तो मेहनत भी उसी स्तर की करनी होगी। कम से कम 18 घंटे गंभीरतापूर्वक अध्ययन की आदत डालें।”*
मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह
डीएम ने छात्रों को मोबाइल और फिजूल की गतिविधियों से दूर रहकर एकाग्रता से तैयारी करने को कहा। बोले- *”आप सिर्फ नौकरी के लिए नहीं, देश के भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयारी कर रहे हैं। इसलिए ज्ञान के साथ व्यक्तित्व और अनुशासन भी जरूरी है।”*
समाज कल्याण अधिकारी तलब
छात्रों के जाने के बाद डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत कुमार मलिक को तुरंत तलब किया। कोचिंग में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, नियमित टेस्ट, लाइब्रेरी, पेयजल, पंखे और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
छात्रों ने कहा कि डीएम के मार्गदर्शन से नई ऊर्जा मिली है। अब और गंभीरता से तैयारी करेंगे और अगली बार बेहतर जवाब देंगे।





















