ऑनलाइन प्रशिक्षण में 200 से अधिक अधिकारियों ने किया प्रतिभाग, विभागवार फीडबैक सुधारने के दिए निर्देश
जिला नजर संबाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में जिला स्तरीय अधिकारियों, तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय एवं नगर निगम से जुड़े 200 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान हो।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा औपचारिक निस्तारण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का संतोषजनक समाधान ही सुशासन की पहचान है।
सभी विभाग अपने स्तर पर लंबित एवं असंतोषजनक फीडबैक वाले प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
ईडीएम मनोज कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के समयबद्ध, तथ्यपरक एवं संतोषजनक निस्तारण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को फीडबैक प्रणाली, गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड करने, शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और असंतोषजनक फीडबैक वाले प्रकरणों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 01 मई से 21 मई तक जिले से कुल 4947 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें से 2792 फीडबैक संतोषजनक रहे, जो कुल फीडबैक बका 56.43 प्रतिशत है।
जिला स्तर पर 2074 में से 1000 फीडबैक संतोषजनक रहे। तहसील स्तर पर 1116 में से 744, ब्लॉक स्तर पर 683 में से 457, नगर पंचायत एवं पालिका स्तर पर 69 में से 40 तथा नगर निगम स्तर पर 1005 में से 551 फीडबैक संतोषजनक प्राप्त हुए।
सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि असंतोषजनक फीडबैक वाले मामलों का विशेष अभियान चलाकर पुनरीक्षण किया जाए, जिससे जिले की रैंकिंग एवं शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता में और सुधार लाया जा सके।





















