दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: थाना क्षेत्र के गांव बरीपुरा में यमुना नदी किनारे शुक्रवार सुबह एक युवती का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने कंकाल पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार बरामद कंकाल की पहचान थाना एत्माददौला क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय गुड़िया पुत्री कन्हैयालाल, निवासी मोतीमहल, यमुना ब्रज, आगरा के रूप में की गई है। परिजनों ने पूर्व में युवती के अपहरण का मामला दर्ज कराया था।
जांच में सामने आया है कि विगत 15 अप्रैल को युवती ने अपने परिजनों को देखकर यमुना नदी में छलांग लगा दी थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी घटना के बाद उसकी मौत हो गई और अब कंकाल बरामद हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद आरोपी, जो युवती का प्रेमी बताया जा रहा है, को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।























