दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: थाना क्षेत्र के फिरोजाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसा भलोखरा गांव के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
भदौरा नागर निवासी आरपी वर्मा पुत्र कालीचरन अपनी बहन विमलेश पत्नी समीर को उनकी ससुराल गढ़ी तिवारी फिरोजाबाद छोड़ने जा रहे थे। बाइक पर विमलेश के तीन मासूम बच्चे—सौम्या, सान्या और हेमंत भी सवार थे। जैसे ही वे भलोखरा गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।























