आगरा: प्रकृति, हरियाली और उद्यान संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आगरा में मंडलीय फल-शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी 2026 का आयोजन 21, 22 और 23 फरवरी को किया जाएगा। आज मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई उद्यान विकास समिति की बैठक में आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना को मंजूरी दी गई।
ताज महोत्सव स्थल पर आयोजन
समिति ने प्रस्ताव रखा कि इस वर्ष प्रदर्शनी ताज महोत्सव स्थल पर हो, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग हिस्सा ले सकें। मंडलायुक्त ने सहमति जताते हुए उद्यान अधीक्षक को स्थल निरीक्षण और तैयारियों के निर्देश दिए।
बजट पर फोकस
पिछले आयोजन में 31 लाख रुपये का अतिरिक्त व्यय हुआ था। इस बार अंशदान में 20% बढ़ोतरी कर आय-व्यय संतुलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
थीम बेस्ड आकर्षण और प्रतियोगिताएं
जल्द थीम तय होगी। थीम आधारित रंग-बिरंगे फूलों की आकृतियां दर्शकों को लुभाएंगी। सरकारी-निजी संस्थाएं, उद्यान विभाग, कृषि संगठन और 3-5 सितारा होटल अपनी क्रिएटिव पुष्प सज्जा प्रदर्शित करेंगे।
तकनीकी सत्र और बच्चों की भागीदारी
तीन दिवसीय आयोजन में उन्नत खेती की तकनीकों पर कार्यशालाएं और तकनीकी सत्र होंगे। उद्यान स्मारिका प्रकाशित होगी। बच्चों के लिए फोटोग्राफी, पेंटिंग आदि प्रतियोगिताएं। दर्शकों के लिए सुरक्षा, पार्किंग, पानी और फूड स्टॉल की व्यवस्था।
बैठक में उद्यान अधीक्षक रजनीश पाण्डेय, उप नगर आयुक्त सरिता सिंह, मुख्य अभियंता संजीव कुमार, केसी जैन, राजेश कुमार, केएस गुजराल आदि मौजूद रहे।





