आगरा। बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता रामवीर उपाध्याय के पुत्र चिरागवीर उपाध्याय आज विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी जीवनसंगिनी बन रही हैं प्रसिद्ध कथावाचक व भजनगायिका निधि सारस्वत, जिनकी लोकप्रियता देश-विदेश में लगातार बढ़ती रही है। रविवार से उपाध्याय परिवार में शादी की रस्में धूमधाम से शुरू हो चुकी हैं और सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
कौन हैं चिरागवीर की दुल्हन निधि सारस्वत
सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की हो रही है कि आखिर चिरागवीर की दुल्हन निधि सारस्वत कौन हैं। दरअसल निधि सारस्वत देश की जानी-मानी कथावाचक व भक्ति गायिका हैं। 1997 में जन्मी निधि ने बहुत कम उम्र से ही आध्यात्मिक मंचों पर अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी। उन्होंने सिर्फ 8 वर्ष की आयु में श्रीमद्भागवत गीता का पाठ किया था। निधि श्रीमद्भागवत कथा, रामायण और भक्ति प्रवचनों की प्रसिद्ध उपदेशक हैं। उनकी बहन नेहा सारस्वत भी कथा और भजन में उनकी सहभागी रहती हैं। दोनों अलीगढ़ के सासनीगेट क्षेत्र में रहती हैं और ‘युगल जोड़ी’ के रूप में प्रसिद्ध हैं।
शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय पहचान
निधि ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चिरंजीलाल गर्ल्स कॉलेज अलीगढ़ से प्राप्त की। वे केवल देश में ही नहीं, बल्कि यूके, यूएस सहित कई देशों में आध्यात्मिक कार्यक्रमों में कथा वाचन कर चुकी हैं। उनकी लोकप्रिय भक्ति प्रस्तुति मैं राधावल्लभ की,भजो रे मन गोविंदा जैसे गीतों ने उन्हें सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान दिलाई है। अक्सर लोग उन्हें “जया किशोरी” की तरह ही पसंद करते हैं।
पहली मुलाकात और रिश्ता
सूत्रों के अनुसार निधि और चिरागवीर की मुलाकात वर्ष 2020 में अलीगढ़ में आयोजित एक धार्मिक आयोजन के दौरान हुई थी। इसी पहचान ने आगे चलकर एक मजबूत रिश्ते का रूप ले लिया।
सम्मान और सामाजिक योगदान
निधि सारस्वत को देश-विदेश में कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें यूके संसद की ओर से अंतर्राष्ट्रीय भगवतगीता विद्वान पुरस्कार, लंदन के मेयर द्वारा सद्भाव सम्मान और राइजिंग डॉटर्स ऑफ इंडिया अवार्ड से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा निधि एक ऐसे फाउंडेशन से भी जुड़ी हैं, जो विकलांग और जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए कार्य करता है।





