आगरा। भारत का राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा की आवाज है। इसी भावना के साथ इसके 150 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेशभर में आयोजित उत्सवों की श्रृंखला के तहत आगरा में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के निर्देशन में इस अभियान की जानकारी देने के लिए भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस, आगरा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। मीडिया को राजकुमार गुप्ता ने बताया कि 7 नवंबर को सुबह 9 बजे शहीद स्मारक, संजय प्लेस, आगरा में नगर निगम महापौर हेमलता दिवाकर के सहयोग से 150 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सामूहिक वंदे मातरम् गायन एवं सभा का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान 8 से 15 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभाओं में चलेगा। प्रत्येक विधानसभा में सांसदों और विधायकों के नेतृत्व में सामूहिक गायन, तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां और बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिससे जनभागीदारी को और बल मिले। महापौर हेमलता दिवाकर ने बताया कि आगरा में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, व्यापारी, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग, प्रबुद्ध नागरिक और शिक्षाविद बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने सभी से समय से उपस्थित होने की अपील की।
इस दौरान अनिल चौधरी, हेमंत भोजवानी, राहुल सागर, नीरज गुप्ता, मनोज राजोरा, रोहित कत्याल, शरद चौहान, अभिषेक गुप्ता, वीरेंद्र श्रीवास्तव, बॉबी लाले, शैलू पंडित, राकेश जाटव, अनिल सारस्वत, विक्रांत तिवारी, वरुण पाराशर और नवीन प्रजापति सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






