- हाइलाइट्स –
- मजदूरों से भरी ट्रॉली पलटने से मचा हड़कंप
- 15 मजदूर घायल, 2 की हालत गंभीर
- ग्रामीणों और मजदूरों ने बचाई जान
- इलाज के लिए आगरा रेफर
📝 रिपोर्ट – दिलशाद समीर
फतेहपुर सीकरी/आगरा। जनपद आगरा के फतेहपुर सीकरी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम टीकरी से धान की रोपाई के लिए रोझोली जा रही मजदूर महिलाओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार सुबह हादसे का शिकार हो गई। मजदूरों से खचाखच भरी ट्रॉली असंतुलित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों की चीख-पुकार से इलाका दहल उठा।
पीछे आ रही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए पलटी हुई ट्रॉली के नीचे दबे महिलाओं और पुरुषों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर सीकरी पहुंचाया गया।
दो महिलाओं की हालत गंभीर, आगरा रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुनीता (पत्नी राजवीर सिंह) और विमला (पत्नी रामकिशन), दोनों निवासी ग्राम टीकरी, को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों में शीला, कुमार देवी, मछला, सोलंकी, सुखी, सुमन और सीमा सहित करीब 15 मजदूर शामिल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
सुबह करीब 8 बजे ग्राम टिकरी से किसान विक्रम बाबा के खेत में धान की रोपाई के लिए मजदूरों को ले जा रही ट्रॉली को योगेश (पुत्र विक्रम सिंह) चला रहा था। गांव से लगभग 1 किलोमीटर दूर पहुंचने पर अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
स्थानीय लोगों ने निभाई जिम्मेदारी
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद की। पुलिस व प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
—





