मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र के गांव भूरेका में बेटी की शादी की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई जब डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने विदाई के समय हमला बोल दिया। चडोस थाना क्षेत्र के नगला पदम से बारात आई थी और रात 9 बजे बारात चढ़ रही थी। डीजे पर बाराती नाच रहे थे, तभी नावली गांव के मनीष कुमार, अंकुर और उनका साथी कृष्ण निवासी गढ़ी महाराम जबरन डीजे पर नाचने लगे और डीजे बंद करने को लेकर विवाद बढ़ गया।

झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को आता देख दबंग फरार हो गए। इसके बाद सुबह विदाई के समय उन्होंने फिर से हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हमले में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस द्वारा अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तीन नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार को बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर आगरा-कानपुर मंडल प्रभारी सूरज सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गांव भूरेका पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। सूरज सिंह ने सीओ मांट गुंजन सिंह से फोन पर वार्ता कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस दबिश दे रही है और जल्द ही दोषी जेल की सलाखों के पीछे होंगे।
सूरज सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है, यहां गरीबों की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि अगर वह प्रदेश में अपराध नियंत्रण नहीं कर सकते तो उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल में बसपा के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी शामिल रहे, जिनमें आगरा मंडल प्रभारी प्रताप सिंह बघेल, पूर्व मंत्री अजय सिंह गौतम, मंडल प्रभारी सुशील भंडारी, देवीसिंह कुंतल, पूर्व मंडल प्रभारी दारा सिंह आजाद, जिलाध्यक्ष नरेश सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम प्रकाश एडवोकेट, जिला प्रभारी हेमेंद्र कुमार, जिला संयोजक ओमप्रकाश बघेल, कार्यालय प्रभारी मुनेंद्र सिंह निगम, प्रेम सिंह, डॉ. अमर सिंह, राजेश बघेल, राजवीर सिंह, प्रधान ओमप्रकाश मौर्य आदि मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।