दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। उच्च न्यायालय खंडपीठ की स्थापना की मांग को लेकर फतेहाबाद बार एसोसिएशन (आगरा) ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। इस संबंध में बार एसोसिएशन की ओर से न्यायिक मजिस्ट्रेट फतेहाबाद को पत्र भेजकर जानकारी दी गई।
पत्र में बताया गया कि 10 अगस्त 2026 को हाईकोर्ट संघर्ष समिति, आगरा द्वारा आगरा व अलीगढ़ मंडल में उच्च न्यायालय खंडपीठ की स्थापना के संबंध में न्यायिक कार्य से विरत रहने का आह्वान किया गया है। इसके समर्थन में फतेहाबाद बार एसोसिएशन आगरा ने भी 10 अगस्त को सभी अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज कुमार गुप्ता एडवोकेट एवं सचिव विष्णु कुमार गुर्जर एडवोकेट के मुताबिक इस दौरान सभी अधिवक्ताओ ने प्रातः फेरी निकाली।
बार एसोसिएशन की ओर से पत्र की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी फतेहाबाद, उपजिलाधिकारी न्यायिक फतेहाबाद, तहसीलदार फतेहाबाद तथा नायब तहसीलदार शमसाबाद/फतेहाबाद को भी भेजी गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।





















