दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। ग्राम पुरा गूजरन मौजा सांकुरी खुर्द निवासी ग्रामीणों ने राशन डीलर पर स्कूलों के मिड-डे मील का राशन पूरा उपलब्ध नहीं कराने और बचे राशन की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने एसडीएम फतेहाबाद को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में हरी सिंह पुत्र महावीर सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि गांव के राशन डीलर अमरेश सिंह के पास सांकुरी खुर्द और पुरा गूजरन ब्राह्मण के प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों के मिड-डे मील के लिए गेहूं और चावल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी है। आरोप है कि डीलर द्वारा स्कूलों में निर्धारित पूरा राशन नहीं भेजा जाता है और बचे राशन को निजी लाभ के लिए बेच दिया जाता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुरा गूजरन ब्राह्मण विद्यालय में उपलब्ध कराए गए राशन का पूरा रिकॉर्ड भी दर्ज नहीं है। बकाया राशन डीलर द्वारा अपने पास रखकर कालाबाजारी किए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कथित अनियमितता लंबे समय से चल रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम स्वाति शर्मा ने पूर्ति निरीक्षक अमरनाथ मौर्य को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।





















