दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को भारत सरकार के ’10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्या डॉ. राखी यादव ने की।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की ओर से बीके रंजना बहन, बीके काजल बहन और बीके फतेहसिंह भाई ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।इसके बाद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हाथ उठाकर नशे से दूर रहने की शपथ ली।
विद्यार्थियों ने स्वयं नशामुक्त रहने के साथ ही परिवार और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प लिया।प्रधानाचार्या डॉ. राखी यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन ‘नशामुक्त भारत-स्वस्थ भारत’ के संकल्प के साथ हुआ।





















