एटा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्वेताभ पाण्डेय ने थाना सकीट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
इसके बाद एएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ थाना सकीट क्षेत्र के प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया। गश्त के दौरान लोगों से संवाद कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों को आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।





















