गुरु पूर्णिमा गोवर्धन मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगरा मंडल द्वारा मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है।मथुरा में आयोजित गुरु पूर्णिमा एवं गोवर्धन परिक्रमा मेला 24 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आयोजन किया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के निर्देशन में मथुरा एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशनों पर स्थापित कंट्रोल रूम से लगभग 280 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। इन कैमरों के जरिए प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज (FOB), सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय तथा स्टेशन परिसर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम मे गुरु पूर्णिमा मेला-2026 के अवसर पर मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता द्वारा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी आधारित निगरानी व्यवस्था का जायज़ा लिया गया। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मेला अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की असामान्य गतिविधि, भीड़ की स्थिति अथवा सुरक्षा संबंधी आवश्यकता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कंट्रोल रूम से प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इससे यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है।
मेला अधिकारी सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर रहे हैं।
रेल प्रशासन श्रद्धालुओं से अपील करता है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे के निर्देशों का पालन करें, किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों अथवा रेलवे हेल्पलाइन पर दें तथा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा में अपना सहयोग प्रदान करें।





















