अलीगढ़। थाना दादों क्षेत्र के गांव नीनामई में सरकारी नल पर नहाने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्ष चाचा-भतीजे हैं और उनके बीच पहले से पैसों का विवाद भी चल रहा था।
क्षेत्राधिकारी छर्रा अविनेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे सरकारी नल पर नहाने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। साथ ही दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सरकारी नल पर हुए विवाद के अलावा दोनों पक्षों के बीच पैसों का पुराना विवाद भी चल रहा था, जिसने झगड़े को और बढ़ा दिया। मामले की जांच जारी है।





















