अलीगढ़। शहर को जाम से निजात दिलाने और सुगम यातायात व्यवस्था लागू करने की दिशा में नगर निगम, जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त पहल अब धरातल पर उतरने जा रही है। व्यापारियों के सुझावों और कई दिनों तक चले ट्रायल के बाद गुरुवार से शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर वन-वे यातायात व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू कर दी जाएगी।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि नगर निगम सेवा भवन में व्यापारियों के साथ हुई बैठक में ट्रैफिक सुधार को लेकर कई सुझाव प्राप्त हुए थे। इनमें प्रथम चरण में तीन प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव रखा गया था। ट्रायल के दौरान मिली प्रतिक्रियाओं और आवश्यक संशोधनों के बाद अब इस व्यवस्था को स्थायी रूप से लागू किया जा रहा है।
प्रशासन का मानना है कि वन-वे व्यवस्था लागू होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या में राहत मिलेगी और लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से नए यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस व ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।





















