हाथरस। धान की रोपाई शुरू होने के साथ ही किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान नगला भुस स्थित तिवारी खाद भंडार, मीतई का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर उपलब्ध यूरिया, डीएपी, पोटाश सहित अन्य उर्वरकों के स्टॉक की जानकारी ली और विक्रय पंजिका का गहन अवलोकन किया। जांच में पाया गया कि खाद खरीदने वाले किसानों के मोबाइल नंबर विक्रय पंजिका में दर्ज नहीं किए जा रहे हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक खाद क्रेता का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसानों से संपर्क कर यह सत्यापित किया जा सके कि उन्हें निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई गई है या नहीं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





















