पूर्व ए आर टी ओ के 20 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा, 22 किलो सोना-चांदी और करोड़ों की नकदी बरामद
आगरा। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच विजिलेंस ने आगरा के पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के ठिकानों पर बड़ी छापेमारी कर कथित रूप से आय से अधिक संपत्ति का बड़ा खुलासा किया है। अलीगंज स्थित आवास पर हुई कार्रवाई में जांच टीम को भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी की ईंटें, बिस्किट, जेवरात और करोड़ों रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलोग्राम सोना तथा 9 किलोग्राम चांदी बरामद हुई। सोना-चांदी का कुल वजन 22 किलोग्राम बताया जा रहा है। बरामद नकदी, कीमती धातुओं और अन्य संपत्तियों का अनुमानित मूल्य 20 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व एआरटीओ के नाम अलीगंज में आलीशान मकान, दो प्लॉट, मोहनलालगंज और बालागंज में प्लॉट तथा कृषि भूमि भी है। इन संपत्तियों के दस्तावेज भी जांच एजेंसी ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। सभी चल-अचल संपत्तियों की वैधता और आय के स्रोत की विस्तृत जांच की जा रही है। विजिलेंस ने पूर्व एआरटीओ के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बैंक खातों, निवेश, लॉकर और अन्य वित्तीय लेन-देन की भी गहन पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















