अलीगढ़। इगलास थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 17 मई 2024 को वादी की तहरीर पर थाना इगलास में मुकदमा संख्या 277/2024, धारा 498ए, 304बी, 504 भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आरोपी और अन्य लोगों ने वादी की पुत्री की हत्या कर दी थी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी पूरन सिंह पुत्र इतवारीलाल, निवासी ग्राम नौगवां, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़, फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इगलास पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस के आधार पर आरोपी को हरियाणा के थाना क्षेत्र हरीनगर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि इस कार्रवाई को थाना इगलास पुलिस महत्वपूर्ण सफलता मान रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विकास कुमार, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार तथा कांस्टेबल रविंद्र कुमार शामिल रहे।





















