दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील क्षेत्र के ग्राम नगरिया में निवासी एक ग्रामीण ने वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे और खेती किए जाने का आरोप लगाते हुए वन क्षेत्राधिकारी के कार्यालय में प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित का कहना है कि वह लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।ग्राम नगरिया निवासी किसान देवीराम पुत्र चूरामनि ने शिकायत में बताया कि गांव स्थित वन विभाग की विभिन्न गाटा संख्याओं की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है।
आरोप है कि कब्जाधारक वर्षों से वन विभाग की भूमि का उपयोग कर आर्थिक लाभ उठा रहे हैं, जिससे विभाग को नुकसान हो रहा है।देवीराम का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी आगरा, डीएफओ तथा मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, इसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।पीड़ित ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
उन्होंने वन विभाग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा दोषियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं वन क्षेत्राधिकार विशाल सिंह राठौर ने बताया शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी





















