दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। विधानसभा फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम नीवरी में ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 700 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण कार्य का आज विधिवत शुभारंभ किया गया।
गुरुवार को ग्राम नीवारी पहुंचकर नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इस सड़क परियोजना की कुल लागत 58 लाख 93 हजार रुपये निर्धारित की गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वर्षा ऋतु को शामिल करते हुए कार्य को 4 माह की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शुभारंभ कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मुकेश पचौरी, ब्रजकिशोर उपाध्याय, धर्मेंद्र सिंह, पतिराम कुशवाहा, नेत्रपाल कुशवाहा, विजय सिंह कुशवाहा, निहाल सिंह कुशवाहा, पूर्व प्रधान सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा गांव के संभ्रांत नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
ठेकेदार प्रवीण उपाध्याय ने बताया कि आज से ही मशीनरी व सामग्री पहुंचाकर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सड़क बनने से नीवारी सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कच्चे रास्ते के कारण बरसात में कीचड़ और जलभराव से काफी परेशानी होती थी। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आने जाने में दिक्कत होती थी। अब पक्की इंटरलॉकिंग सड़क बनने से गांव के विकास को गति मिलेगी और बरसात में भी रास्ता सुगम रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने की मांग की।





















