कासगंज। पुलिस अधीक्षक कासगंज के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत जनपदीय पुलिस ने विभिन्न अभियोगों से संबंधित करीब 3 करोड़ 20 लाख 47 हजार 270 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया।
पुलिस विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अभियान के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न मामलों में बरामद किए गए प्रतिबंधित मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया।
पिछले चार माह के दौरान जनपद पुलिस द्वारा कुल 2881.363 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 17 करोड़ 39 लाख 96 हजार 286 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




















