दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। पूठपुरा में 15 जून को पुलिस पर हुए पथराव के मामले को लेकर सांसद राजकुमार चाहर मंगलवार को गांव पिन्नापुरा पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को किसी भी प्रकार से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने घरों में लौटकर सामान्य जीवन और परिवार के पालन-पोषण का कार्य करें।
सांसद ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और विधायक छोटेलाल वर्मा के साथ पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात कर पूरे मामले पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने पुलिस आयुक्त के समक्ष स्पष्ट रूप से कहा कि पुलिस पर पथराव करने वाले अधिकांश लोग फिरोजाबाद क्षेत्र के थे, जबकि कुछ स्थानीय निर्दोष लोगों को भी जेल भेज दिया गया है। उन्होंने मांग की कि वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, लेकिन किसी भी निर्दोष व्यक्ति का उत्पीड़न न हो।
सांसद ने कहा कि जिन लोगों को जेल भेजा गया है, यदि उनके पास निर्दोष होने के साक्ष्य हैं तो उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 जून की घटना के दौरान पुलिस ने काफी संयम और सूझबूझ का परिचय दिया, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना के समय वह और विधायक क्षेत्र से बाहर थे, लेकिन लगातार प्रशासन के संपर्क में बने रहे।उन्होंने कहा कि गिरफ्तार दूल्हे दशरथ के मामले में भी यदि निर्दोषता के पर्याप्त साक्ष्य सामने आते हैं तो उसे न्याय मिलेगा और वह जेल से बाहर आएगा। सांसद ने ग्रामीणों से अपील की कि जिन लोगों के परिजन निर्दोष हैं, वे अपने साक्ष्य सांसद, विधायक, डीसीपी, एसीपी अथवा फतेहाबाद इंस्पेक्टर को उपलब्ध कराएं।
ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए सांसद ने कहा कि मामले को राजनीतिक या व्यक्तिगत लाभ का माध्यम बनाने वालों से सावधान रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति मदद के नाम पर पैसे मांगता है तो उसे कोई धनराशि न दें।
इस दौरान सांसद प्रतिनिधि मुन्ना लम्बरदार, महेंद्र वर्मा, सतेन्द्र कुमार यादव, डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल, एसीपी इमरान अहमद, इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र,कप्तान सिंह, राजू ठेकेदार, राजकुमार वर्मा, राम महेश वर्मा, एदल सिंह तथा भगवती प्रसाद सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।





















