दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव मंडी मिर्जा खां निवासी गणेश कुमार पुत्र विद्याराम ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर न्यायालय के आदेश के अनुपालन और कथित अवैध कब्जे के प्रयास को रोकने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी भूमि से जुड़े मामले में न्यायालय द्वारा आदेश पारित किए जाने के बावजूद कुछ लोग जमीन पर कब्जा कर मुड़ीं लगाने का कार्य कराने का प्रयास कर रहे हैं। प्रार्थना पत्र में सतवीर सिंह, कमल सिंह, ताराचंद और नरेश को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
गणेश कुमार ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि संबंधित भूमि पर कथित रूप से जेसीबी और अन्य संसाधनों के माध्यम से निर्माण कार्य कराने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके पास घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्यायालय के आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने, नामजद आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं होता है तो कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े हो सकते हैं।





















