दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी क्षेत्र के गांव सीताराम की मढ़ैया में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्रारंभिक तौर पर मामला घरेलू कलह से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव सीताराम की मढ़ैया निवासी धर्मेन्द्र उम्र लगभग 30 वर्ष पुत्र भागीरथ का शव शनिवार सुबह उसके घर के अंदर मिला। सुबह जब परिजन जागे तो धर्मेन्द्र कमरे में मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों ने बताया कि धर्मेन्द्र का अपनी पत्नी से कुछ दिन पहले विवाद हो गया था।
विवाद के बाद उसकी पत्नी करीब चार-पांच दिन पूर्व अपने जीजा के घर गांव मलैला विजय चली गई थी। बताया जाता है कि धर्मेन्द्र शुक्रवार को पत्नी को वापस लाने के लिए मलैला विजय गया था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ आने से इंकार कर दिया। इसके बाद वह वापस घर लौट आया था।
शनिवार सुबह घर में उसका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि पत्नी के घर छोड़कर चले जाने और वापस आने से इंकार करने के कारण धर्मेन्द्र काफी मानसिक तनाव में था।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की असमय मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।





















