दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव दुल्हारा निवासी युवक रामअवतार पुत्र खरगसिंह की तहरीर पर पुलिस ने कई नामजद एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य आरोपों के संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
थाना सीकरी में दर्ज मुकदमे के अनुसार वादी रामअवतार ने आरोप लगाया है कि 9 जून को अपने साथी राहुल पुत्र परशुराम निवासी दुल्हारा के साथ अपने परिचित रज्जो ठेकेदार निवासी जहांनपुर से मिलने गया था।
शिकायत के अनुसार, फोन पर बातचीत के बाद उन्हें खेत पर बुलाया गया। आरोप है कि वहां पहुंचने पर पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ विवाद किया और बाद में कई
मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोपहै कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लात घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि मारपीट के बाद उन्हें जबरन वाहन में बैठाया गया और रास्ते में हाइवे टोल प्लाजा समीप धक्का देकर नीचे फेंक दिया गया। इस दौरान जान से मारने तथा गोली मारने की धमकी भी दी गई।
वादी के अनुसार, घटना के दौरान उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा उसके साथी राहुल का रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन कहीं गिर गया, जो बाद में काफी तलाश के बावजूद नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा चिकित्सीय परीक्षण कराने की मांग की थी।
मुकदमे में नामजद आरोपी के रूप में रज्जो ठेकेदार निवासी जहांनपुर का उल्लेख किया गया है, जबकि अन्य व्यक्तियों की भूमिका और पहचान की जांच की जा रही है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।





















